मुंबई , मार्च 03 -- अमेरिका और ईरान के बीच हो रहे लगातार हमलों और जवाबी हमलों से पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गयी है। रिपोर्टों के अनुसार, दुबई और कई अन्य स्थानों पर ईरान के हमले किये जाने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं और बढ़ गई हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, महाराष्ट्र के सैकड़ों छात्रों समेत हजारों भारतीय प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। चिंतित अभिभावकों ने सरकार से अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।

पुणे के एक कॉलेज से शैक्षिक दौरे पर एक समूह दुबई गया था, जहां मौजूदा संकट के कारण 80 छात्र फंसे हुए हैं। इनमें हिंगोली की कॉलेज छात्रा खुशी बदेरा भी शामिल हैं। उनके पिता महावीर बदेरा ने पुष्टि की है कि खुशी समेत सभी 80 छात्र फिलहाल सुरक्षित हैं।

इस बीच, चंद्रपुर के सैकड़ों मराठी छात्र दुबई, संयुक्त अरब अमीरात और अबू धाबी में फंसे हुए हैं। दुबई के जेबल अली बंदरगाह क्षेत्र में ईरान द्वारा मिसाइल हमले की खबरें हैं, जिससे आसपास रहने वाले छात्र भयभीत हैं।

फंसे हुए छात्रों के माता-पिता ने जिला प्रशासन से संपर्क किया है और केंद्र सरकार से उनकी सुरक्षित वापसी की सुविधा प्रदान करने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित