, April 11 -- वाशिंगटन, 11 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ समझौता होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य अपने आप खुल जाएगा।
साथ ही, राष्ट्रपति ट्रंप ने विश्वास व्यक्त किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य किसी भी तरह से जहाजों के आवागमन के लिए खुला रहेगा।
श्री ट्रंप ने दोहराया कि ईरान के साथ एक अच्छे समझौते का पहला विषय परमाणु हथियारों का त्याग होना चाहिए, भले ही तेहरान ने बार-बार यह कहा हो कि उसे परमाणु हथियार प्राप्त करने की कोई इच्छा नहीं है।
पश्चिम एशिय में स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता में शनिवार को इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता होने की उम्मीद है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान जा रहा है, जिसमें ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हैं। अमेरिकी वार्ताकारों के साथ अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद, विदेश विभाग और पेंटागन के विशेषज्ञ भी हैं।
ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ कर रहे हैं जो हाल ही में ईरानी सरकार में एक प्रमुख व्यक्ति बनकर उभरे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आठ अप्रैल की रात को घोषणा की थी कि ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम पर समझौता हो गया है। बाद में खबर आई कि क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए वार्ता शनिवार को पाकिस्तान में होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित