तेहरान , अप्रैल 01 -- अमेरिका-इज़रायल की कार्रवाई के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में विभिन्न ठिकानों पर ड्रोन हमले किये , जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।
कुवैत के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बुधवार को बताया कि उसके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईरानी ड्रोन से हमला हुआ, जिससे ईंधन टैंकों में "भीषण आग" लग गयी, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
संघर्ष के लगातार तेज होने के बीच ईरान द्वारा इज़रायल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों सहित विभिन्न लक्ष्यों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं, जिससे पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति बिगड़ती जा रही है।
बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने भी एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आग लगने की पुष्टि की, जिसे उसने "ईरानी आक्रामकता" का परिणाम बताया। वहीं सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके वायुक्षेत्र में प्रवेश करने वाले कई ईरानी ड्रोन को मार गिराया गया।
इसी क्रम में कतर के तट के पास एक टैंकर को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, रस लाफान के उत्तर में लगभग 17 समुद्री मील दूर एक पोत पर दो मिसाइल हमले किये गये।
यूकेएमटीओ ने बताया कि एक मिसाइल से आग लग गयी जिसे बाद में बुझा दिया गया, जबकि दूसरी पोत के इंजन कक्ष में बिना फटे पड़ी हुई है। सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।
इससे पहले मंगलवार को कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी कूना ने भी दुबई बंदरगाह पर एक कुवैती तेल टैंकर में ईरानी हमले से आग लगने की जानकारी दी थी, हालांकि उसमें भी कोई घायल नहीं हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित