नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति के वैकल्पिक स्रोतों के विकास के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाली पहल 'पैक्स सिलिका' का सदस्य है और इस पहल में शामिल देश निश्चित रूप से ऐसे खनिजों के लिए मजूबत वैकल्पिक उत्पादन श्रृंखला विकसित करने में कामयाब होंगे।

श्री गोयल ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते की जानकारी देने के लिए यहां आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में चीन की ओर से दुर्लभ खनिजों के आयात को रोकने के संदर्भ में भारत और अमेरिका की भागीदारी की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर कहा, "भारत और अमेरिका रणनीतिक भागीदार और मित्र हैं और हम पैक्स सिलिका में शामिल हैं। अमेरिका के नेतृत्व में 'पैक्स सिलिका' गठबंधन मुख्य रूप से महत्वपूर्ण खनिजों के वैकल्पिक स्रोतों का विकास करने और उनकी आपूर्ति श्रृंखला को विश्वसनीय बनाने के लिए है ताकि इससे विश्व स्तर पर उद्योगों और अर्थव्यवस्थाओं की जरूरतें पूरी हो सकें।"उन्होंने कहा कि इस पहल में भारत और अमेरिका के अलावा और भी समान सोच के देश शामिल हैं। ये देश निश्चित रूप से "महत्वपूर्ण खनिजों की एक मजबूत और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रभाव डालने में सफल होंगे।"उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में तनाव के बाद ऐसी अटकलें लगायी जा रही थीं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को इस पहल से दूर करने का मन बना लिया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम ने गत दिसंबर में इस मुद्दे पर श्री ट्रंप और श्री मोदी की "दोस्ती" पर तंज भी किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित