अमेठी , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी के कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार परसावा गांव निवासी राम शिरोमणि यादव सुबह नित्य क्रिया के लिए घर से निकले थे। कुछ ही देर बाद गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास नीम के पेड़ से उनका शव लटका मिला। परिजन उन्हें नीचे उतारकर तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक के पिता श्याम बिहारी ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य था और किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ था।

प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित