अमेठी , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जामो क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक इमारत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुये विस्फोट में पूरी इमारत खंडहर में तब्दील हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि जामो थाना क्षेत्र के कस्बे में मंगलवार की देर रात अचानक हुए विस्फोट में एक बिल्डिंग खंडहर में तब्दील हो गई। इसकी चपेट में आने से गौरीगंज थाना क्षेत्र के बस्ती देई गांव निवासी सतीश तिवारी (37) की मौत हो गयी जबकि बलराम पांडे घायल हो गए।
अस्पताल में भर्ती घायल बलराम ने बताया " हम जैसे ही गोदाम का ताला खोल रहे थे।इसी दौरान गोदाम में विस्फोट हो गया। " विस्फोट कैसे हुआ पूछने पर उन्होने कहा " मुझे जानकारी नहीं हो पाई अचानक सब कुछ हो गया। पूरी इमारत देखते ही देखते खंडहर में तब्दील हो गई।" विस्फोट के कारणों की पड़ताल पुलिस कर रही है हालांकि इतने बड़े हादसे के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित