अमेठी , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के भादर रोड पर मंगलवार की देर रात संदिग्ध हालात में हुए विस्फोट को पुलिस सिलेंडर से हुआ हादसा बता रही है, वहीं मृतक के पिता ने साजिश रचकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले की गहन जांच के लिए घटना के चौदह घंटे बाद फोरेंसिक घटना स्थल पर पहुंच कर नमूना एकत्र कर रही है। जिले के जामो थाना क्षेत्र के कस्बे के भादर रोड पर कोल्ड ड्रिंक एजेंसी की इमारत में मंगलवार की देर रात एक विस्फोट में इमारत पूरी तरह जमीदोज हो गई थी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में पुलिस गैस सिलेंडर का विस्फोट मान रही है, जबकि मृतक के पिता ने साजिश रचकर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि विस्फोट काफी तेज था। उनके मकान की दीवारों में बड़ी दरारें पड़ गईं। उनका कहना है कि यह सामान्य गैस सिलेंडर विस्फोट जैसा नहीं लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मृतक सतीश तिवारी के पिता दीनानाथ तिवारी ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उनका बेटा पूरे दिन उनके साथ था। इसी दौरान बलराम पाण्डेय लगातार फोन करता रहा। बीती रात 9 बजे सतीश उसके पास से गया और कुछ समय बाद विस्फोट की सूचना मिली। पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पूरे मामले पर अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा देर रात मकान में ब्लास्ट की सूचना मिली थी मौके पर जामो थाना पुलिस व फायर टीम ने आग पर काबू पाया। हादसे में दो लोग घायल हुए थे एक की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरा घायल है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच की। पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित