अमेठी , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर युवती की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू तथा मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने गुरुवार को बताया कि गौरीगंज थाना क्षेत्र के चतुरीपुर मजरे मऊ निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहन अमिता देवी (24) की हत्या कर दी गई है। इस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
मामले में नामजद आरोपी सनोज तथा साक्ष्य संकलन के दौरान प्रकाश में आए दुर्गेश्वरी गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सनोज ने बताया कि वह और मृतका एक ही स्कूल में पढ़ते थे तथा दोनों के बीच बातचीत होती थी। कुछ समय पूर्व वह काम के सिलसिले में फरीदाबाद चला गया था, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। आरोपी को मृतका के फोन का अक्सर व्यस्त रहना नागवार गुजरता था, जिससे वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में आरोपी 11 अप्रैल को फरीदाबाद से गांव लौटा और अपने साथी दुर्गेश्वरी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 14 अप्रैल की रात उसने अमिता को फोन कर गांव के बाहर नहर किनारे बांस कोठी के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि शोर मचाने पर सनोज ने मृतका का मुंह दबाया, जबकि दूसरे आरोपी ने उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई।
अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन तथा नहर पटरी के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित