अमेठी , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले दो व्यक्तियों को तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रायबरेली-अमेठी मार्ग पर महाराजपुर के पास सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में नरैनी गांव निवासी कमलेश सिंह (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बियसिया गांव निवासी रामशंकर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल रामशंकर तिवारी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि महाराजपुर बाजार के पास दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए सीएचसी अमेठी भिजवाया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और डंपर की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित