अमेठी , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक धार्मिक आयोजन के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मोहनगंज थाना क्षेत्र में वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी शिव बहादुर यादव, निवासी पूरे दल सिंह मजरे चिलूली, थाना मोहनगंज, को 12 बोर की एसबीबीएल लाइसेंसी बंदूक, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 फरवरी को उसके नए घर पर आयोजित भागवत कथा के दौरान उसने हर्ष फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, यह कृत्य शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है।

इस संबंध में थाना मोहनगंज में आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित