अमेठी , फरवरी 18 -- अमेठी में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 का प्रथम दिवस बुधवार को सकुशल, नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी प्रबंध किए गए थे। पहले दिन कुल 2,037 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि हाईस्कूल में 26,167 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 24,964 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,203 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट में 21,380 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 20,546 उपस्थित रहे तथा 834 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
उन्होंने बताया कि जनपद के कुल 85 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। इसके अलावा जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की सतत निगरानी की गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनी रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि 19 फरवरी को द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित