अमेठी , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गौरीगंज थाना क्षेत्र के सैठा रोड स्थित नवोदय विद्यालय के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार पांच लोग और मोटरसाइकिल सवार एक युवक घायल हुए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने कार सवार एक युवक तथा बाइक सवार युवक की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों में गौरीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी दिलीप (24), सुनील कुमार, सचिन, दमउदीन (27) तथा प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर निवासी रोहित गुप्ता और एक अन्य सचिन शामिल हैं।
प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है और दो को बेहतर इलाज के लिये ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। घटना के बाद यातायात सामान्य है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित