अमेठी , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य एवं रसद विभाग की संयुक्त टीम ने पेट्रोल-डीजल की अवैध काला बाजारी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 285 लीटर ईंधन (235 लीटर पेट्रोल व 50 लीटर डीजल) बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार को बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विराज बाजार में एक व्यक्ति बिना लाइसेंस के ड्रमों में पेट्रोल-डीजल भरकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान अकबर हुसैन निवासी विराज, थाना मोहनगंज के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान उसके पास रखे ड्रमों में पेट्रोल-डीजल पाया गया, जिसे वह बिक्री के लिए रखा था।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ड्रमों में भरा 235 लीटर पेट्रोल, 50 लीटर डीजल, तेल मापने के उपकरण, एक कूपी तथा तेल निकालने की मशीन को कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना मोहनगंज पुलिस ने खाद्य एवं रसद विभाग को सूचना देकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अवैध ईंधन कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित