अमेठी , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित फूफा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मेडिकल परीक्षण में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार पीपरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 22 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री नागेंद्र गौतम नामक व्यक्ति के साथ चली गई है। परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर कई लोगों को जांच के दायरे में लिया गया। करीब 20 दिन की जांच के बाद पुलिस मुख्य आरोपित संदीप कुमार निवासी ग्राम डिहवा, ब्लॉक दूबेपुर, थाना धम्मौर, जनपद सुल्तानपुर तक पहुंची। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

मेडिकल परीक्षण के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेजकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस मामले में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने वन स्टॉप सेंटर में पीड़िता से मुलाकात कर परिजनों को न्याय का आश्वासन दिया और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रभारी निरीक्षक पीपरपुर श्रीराम पांडे ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित