अमेठी , दिसम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 22/ 23 दिसंबर की रात घने कोहरे के चलते एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार मंगलम डिग्री कॉलेज के पास ओवरब्रिज से पहले रात करीब दो बजे लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। उसके पीछे चल रही चार अन्य ट्रकें भी आपस में टकरा गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्रियों से भरी रोडवेज की जनरथ बस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन कोहरे के कारण बस पलटे ट्रक से जा टकराई। बस के पीछे चल रही एक कार भी बस से भिड़ गई। एक साथ कई वाहनों की टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। 18 घायलों में से 14 की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों में एक की पहचान मोहम्मद शमशाद निवासी जायस के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दोनों मृतक ट्रक चालक बताए जा रहे हैं, वहीं गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति ट्रक के खलासी हैं। पुलिस ने डिवाइडर लगाकर यातायात बहाल कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि राहत बचाव कार्य जारी है।हादसे में घायल सभी लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया है मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित