बारां , जनवरी 16 -- राजस्थान में जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक सशक्तीकरण एवं महिला उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक एवं अभिनव पहल 'अमृत महोत्सव 2026' का आयोजन किया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि महोत्सव का शुभारंभ एवं विधिवत उद्घाटन राजस्थान की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार मंडी प्रांगण में करेंगी।

इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनागल ने संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए।

श्री जनागल ने बताया कि अमृत महोत्सव- 2026 का आयोजन 21 जनवरी से 10 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियां एवं कार्यक्रम सम्मिलित होंगे।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के समग्र सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है, ताकि जिले की बेटियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके, उनकी प्रतिभाओं को मंच मिले और महिला उद्यमशीलता को प्रोत्साहन प्राप्त हो।

श्री जनागल ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत लोकनृत्य, लोक गायन, फैशन शो, कवि सम्मेलन, राजसखी एवं अमृत महोत्सव मेला, राष्ट्रीय बालिका दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित