चंडीगढ़ , मार्च 22 -- पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के आत्महत्या मामले में परिवार ने कड़ा रुख अपनाया है। रंधावा के परिजनों ने आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर और उनके पिता सुखदेव भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सियासत गरमा गई है। आज चंडीगढ़ में पंजाब एमएलए हॉस्टल के बाहर शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी और पंजाब कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और तीनों राजनीतिक दलों की वरिष्ठ लीडरशिप मौजूद रही। इसमें विक्रमजीत सिंह मजीठिया, भाजपा नेता सुनील जाखड़, कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग सहित अन्य बड़े नेता शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित