अमृतसर , अप्रैल 18 -- पंजाब को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई में स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने सीमा पार ड्रग तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवन सिंह उर्फ गुज्जर (निवासी गांव अवान वसाऊ, अमृतसर) और शमशेर सिंह उर्फ शेरा (निवासी गांव डायल रंगर, अमृतसर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी में किया जा रहा था।
डीजीपी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस मॉड्यूल के तार पाकिस्तान स्थित तस्करों और पुर्तगाल आधारित हैंडलर से जुड़े पाये गये हैं। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क का संबंध कुख्यात पाकिस्तानी तस्कर मूसासे भी है, जिसका नाम 2019 में अटारी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर 532 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में सामने आया था। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया किपुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि आरोपी कुछ दिन पहले ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप प्राप्त कर चुके हैं और अपने हैंडलरों के निर्देश पर उसे आगे पहुंचाने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमृतसर के महल बाईपास के पास उन्हें घेरकर गिरफ्तार किया औरनके कब्जे से 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
एआईजी ने बताया कि आरोपियों को उनके हैंडलरों द्वारा बड़ी रकम का लालच दिया गया था। उन्होंने कहाकि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25, 29 और भारतीय वायुयान अधिनियम की धाराओं 25, 26, 27, 28 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित