अमृतसर , नवंबर 04 -- पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा हर साल आयोजित किए जाने वाला पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पाईटैक्स) का 19वां संस्करण इस साल चार दिसंबर से आयोजित किया जाएगा। पीएचडीसीसीआई पंजाब चैप्टर के चेयर कर्ण गिल्होत्रा ने मंगलवार को यहां आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि चार दिसंबर से आठ दिसंबर तक चलने वाले पाईटैक्स के दौरान विभिन्न सत्रों में सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार पाईटैक्स में देश-विदेश से 550 के करीब कारोबारी भाग लेंगे। वहीं तीन राज्यों तथा चार देशों के इस कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पीएचडीसीसीआई द्वारा पर्यटन के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार के सहयोग से पिछले साल अमृतसर में पंजाब टूरिज्म अवार्ड देने की शुरूआत की गई थी। इसी कड़ी को दूसरे साल आगे बढ़ाते हुए छह दिसंबर को यहां अवार्ड समारोह का आयोजन होगा। इसी दिन दूसरा हेरीटेज शो आयोजित किया जाएगा। जिसमें पंजाब की सांस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान पीएचडीसीसीआई फैशन टैक्स एंड टैक फोरम की क्षेत्रीय कमेटी की चेयरपर्सन हिमानी अरोड़ा, अमृतसर जोन के संयोजक जयदीप सिंह तथा सह-संयोजक निपुन अग्रवाल तथा पीएचडीसीसीआई की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक भारती सूद ने संयुक्त रूप से पाईटैक्स-2025 का ब्रॉशर भी लांच किया।

पीएचडीसीसीआई के क्षेत्रीय फैशन टैक्स टेक फोरम की चेयरपर्सन सुश्री हिमानी अरोड़ा ने कहा कि पंजाब हेरिटेज शो पंजाब की समृद्ध संस्कृति और शिल्प कौशल का जश्न मनाएगा, और यह सन्देश देगा कि कैसे परंपरा आधुनिक वस्त्र और सामुदायिक विकास को प्रेरित करती है। हमारा उद्देश्य सभी स्तरों के कारीगरों, विशेष रूप से फुलकारी में लगे कारीगरों को सशक्त बनाना है, ताकि विरासत को नवाचार के साथ मिलाकर पंजाब की सच्ची भावना को प्रदर्शित किया जा सके।

पीएचडीसीसीआई के अमृतसर ज़ोन के संयोजक जयदीप सिंह ने कहा कि पाईटैक्स अमृतसर के लिए एक ऐतिहासिक वार्षिक आयोजन बन गया है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहा है और शहर के व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों के लिए मूल्यवान व्यावसायिक संबंध बना रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित