अमृतसर , मार्च 19 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि इस कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों (एक किशोर सहित) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पुर्तगाल से सक्रिय एक विदेशी 'हैंडलर' के संपर्क में थे। यह विदेशी हैंडलर पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी में मदद कर रहा था, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई किया जाना था।
इस मामले में अमृतसर के थाना छावनी में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' (संपर्कों) को स्थापित करने और इसे पूरी तरह से खत्म करने के लिए गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित