अमृतसर , दिसंबर 30 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार को पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े सीमा पार ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 4.075 किलोग्राम हेरोइन, एक किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (जिसे आमतौर पर आइस के नाम से जाना जाता है) और एक 9 मिमी ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गयी है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान जजबीर सिंह उर्फ जज (21) के रूप में हुई है, जो अमृतसर के जसराउर गांव का निवासी है, जसपाल सिंह उर्फ जस (22) जो अमृतसर के अजनाला का निवासी है, अनमोलप्रीत सिंह (19) जो गुरदासपुर के लोपा गांव का निवासी, हरपिंदर सिंह उर्फ भिंडा (32) गुरदासपुर के संदलपुर गांव का निवासी है, तरुणप्रीत सिंह (20) गुरदासपुर के संदलपुर गांव का निवासी, दविंदर सिंह उर्फ बाऊ (33) अमृतसर के बुआ नांगली गांव का निवासी और मनदीप सिंह (24) अमृतसर के बुआ नांगली गांव का निवासी है।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रतिबंधित सामान पाकिस्तान से तस्करी करके लाया गया था और सोशल मीडिया के जरिए निर्देशित स्थानीय गिरोहों द्वारा राज्य भर में वितरित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विशिष्ट और विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले जजबीर सिंह उर्फ जज को गिरफ्तार किया और उसके पास से 225 ग्राम हेरोइन बरामद की। लगातार पूछताछ और डिजिटल संचार के तकनीकी विश्लेषण से जांचकर्ताओं को आपूर्ति श्रृंखला में और आगे बढ़ने में मदद मिली, जिसके परिणामस्वरूप उसके सहयोगी जसपाल सिंह उर्फ जस को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि अभियान जारी रखते हुए और लगातार मिल रही जानकारियों के आधार पर पुलिस टीमों ने अनमोलप्रीत सिंह, हरपिंदर सिंह उर्फ भिंडा और तरुणप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके कब्जे से अतिरिक्त दो किलो दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि ये आरोपी कूरियर और वितरक के रूप में काम कर रहे थे, जो पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के स्पष्ट निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो विभिन्न जिलों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण का समन्वय करते थे।
इसी लगातार जारी अभियान के दौरान, पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान दविंदर उर्फ बाऊ और मनदीप सिंह को 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया, जिससे नेटवर्क की एक और शाखा का पर्दाफाश हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद उनके पास से एक किलोग्राम आइस ड्रग्स बरामद हुई।
श्री भुल्लर ने बताया कि पृष्ठभूमि पड़ताल से गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का और खुलासा हुआ है। जजबीर उर्फ जज पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल था, जसपाल सिंह उर्फ जस पर पहले से ही शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा चल रहा है, और दविंदर सिंह उर्फ बाऊ पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपी दविंदर उर्फ बाऊ लगभग डेढ़ साल पहले दुबई में लगभग दस साल रहने के बाद भारत लौटा था, इस दौरान उसके अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों से संपर्क बन गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित