अमृतसर , फरवरी 22 -- पंजाब में अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने रविवार को सीमा पार अवैध हथियार तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किए है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शेरा सिंह (26),अमृतसर के भिंडी नैन गांव निवासी और जगरूप सिंह उर्फ जोपा (21) अमृतसर के तूर गांव निवासी के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में एक .30 बोर की स्टॉर्म, एक ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक, दो .30 बोर चीन निर्मित नोरिन्को और एक .32 बोर की पिस्तौल के साथ 10 कारतूस शामिल हैं।

श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर आपराधिक तत्वों को आगे आपूर्ति के लिए अवैध हथियारों की खेप की सुविधा प्रदान कर रहे थे। अवैध हथियार नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन की जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सदा पिंड, बाईपास रोड के पास एक सुनियोजित अभियान चलाया और शेरा सिंह और जगरूप सिंह उर्फ जोपा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक ग्लॉक पिस्टल और एक .30 बोर की पीएक्स5 स्टॉर्म पिस्टल बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आगे की पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पुलिस को तीन और पिस्टल बरामद करने में मदद की।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रहते थे और इस निकटता का फायदा उठाकर अवैध व्यापार करते थे। उन्होंने बताया कि वे पकड़े जाने से बचने के लिए रात में खाली मैदानों का इस्तेमाल ड्रोन से सामान गिराने के लिए करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी शेरा सिंह का आपराधिक इतिहास है जिसमें बलात्कार और हत्या सहित कई जघन्य अपराध शामिल हैं। बलात्कार और हत्या के बाद पीड़िता को जला दिया गया था। एक अन्य मामले में उसके पास से लगभग 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित