अमृतसर में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्य 5 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तारअमृतसर, 23 मार्च (वार्ता) पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने दो गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के खताराय खुर्द निवासी मनिंदर सिंह और अमृतसर के फिरवाड़िया निवासी गुरजंत सिंह के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग खेप ले जाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के संबंध पाकिस्तान स्थित एक तस्कर और विदेश स्थित एक हैंडलर से होने का खुलासा हुआ है, जो सीमा पार से नशीले पदार्थों की खेप भेजने की योजना बनाते थे।

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विशिष्ट सूचना मिली थी कि विदेश में बैठा एक व्यक्ति पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्कर के संपर्क में है। वे दोनों मिलकर पंजाब स्थित अपने सहयोगियों (मनिंदर और गुरजंत) की मदद से राज्य में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। सूचना मिली थी कि इन दोनों सहयोगियों ने अपने हैंडलर से नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त की थी और वे इसे किसी अन्य पार्टी को देने के लिए अपनी कार में अमृतसर के अजनाला जिले के गांव धारीवाल के क्षेत्र में आ रहे थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर उनके पास से पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित