अमृतसर , दिसंबर 23 -- पंजाब के अमृतसर में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बॉर्डर रेंज ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तालमेल से गांव डालेके, लोपोके, अमृतसर के निकट से लगभग 60 करोड़ रूपये की 12.050 किलोग्राम हेरोइन बरामद किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पहचाने गए संवेदनशील स्थानों की नियमित गश्त के दौरान, डालेके गांव के क्षेत्र के निकट खेतों में ड्रोन की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह की निगरानी में एएनटीएफ की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध स्थान की योजनाबद्ध तलाशी ली। इस दौरान, गांव डालेके के निकट खेतों से हेरोइन की एक खेप बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन, जिसमें पैकेजिंग सामग्री भी शामिल है, 12.050 किलोग्राम पाया गया।
विवरण साझा करते हुए, पुलिस अधीक्षक एएनटीएफ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि तकनीकी सबूतों और खुफिया मानवीय जानकारी के आधार पर इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए प्रारंभिक जांच जारी है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों, जिनके द्वारा संभावित रूप से यह खेप प्राप्त की जानी थी, की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में थाना एएनटीएफ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित