कोटा , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर के मध्य 04696/04695 विशेष ट्रेन के दो-दो फेरे संचालित किये जा रहे हैं, यह विशेष गाड़ी कोटा मंडल के गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर एवं कोटा स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने शनिवार को बताया कि गाड़ी संख्या 04696 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन 23 एवं 27 दिसंबर को अमृतसरसे तड़के चार बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर शाम पांच बजकर 50 मिनट पर गंगापुर सिटी, साढे छह बजे सवाई माधोपुर और सात बजकर 50 मिनटपर कोटा होते हुए अगले दिन पूर्वाह्न 11 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04695 बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर विशेष ट्रेन 24 एवं 28 दिसंबर को बांद्रा टर्मिनस से दोपहर दो बजे प्रस्थान करके रात दो बजकर 50 मिनट पर कोटा, तड़के चार बजकर 20 मिनट पर सवाई माधोपुर और सुबह साढ़े पांच बजे गंगापुर सिटी होते हुए अगले दिन रात में साढ़े आठ बजे अमृतसर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि इस विशेष गाड़ी में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, शयनयान एवं सामान्य श्रेणी के डिब्बों सहित कुल 19 कोच होंगे।
श्री जैन ने बताया कि यह गाड़ी मार्ग में अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना जंक्शन, अंबाला कैंट, पानीपत जंक्शन, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर जंक्शन, कोटा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, दाहोद, गोधरा जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, भरूच जंक्शन, सूरत, वलसाड, वापी, बोरीवली एवं बांद्रा टर्मिनस स्टेशनों पर ठहरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित