नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में केरल से आये पंचायत प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की ।
प्रतिनिधिमंडल में हाल ही में स्थानीय निकाय चुनावों में निर्वाचित कई जनप्रतिनिधि शामिल थे, जो संगठनात्मक प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम के तहत राजधानी आये हैं। एक दिन पहले बुधवार को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मुलाकात की थी। हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में केरल में भाजपा के बढ़ते आधार को पार्टी नेतृत्व महत्वपूर्ण मान रहा है।
श्री शाह ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर की जनभागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है और पंचायत प्रतिनिधि "विकसित भारत" के संकल्प को जमीन पर उतारने में सबसे अहम कड़ी हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और आम नागरिकों के बीच सेवा, पारदर्शिता तथा सुशासन की भावना को मजबूत करें।
श्री शाह ने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा पर आधारित है और स्थानीय निकायों में चुने गये प्रतिनिधि जनता के सीधे संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को गांवों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल सेवाओं और आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित