बेंगलुरु , मई 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के सार्वजनिक जीवन के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो ऐतिहासिक पुस्तकों का विमोचन करेंगे।

प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष आर. रघु (कौटिल्य) के अनुसार, ये पुस्तकें येदियुरप्पा के पांच दशकों के राजनीतिक सफर, उनके किसान समर्थक संघर्षों और जन नेतृत्व क्षमता की विरासत को रेखांकित करेंगी।इस अवसर पर विमोचित होने वाली पहली पुस्तक का शीर्षक 'केंदावरे - कमला अरालिदा कथे' (राख से खिलते कमल की कहानी) है, जो आर. रघु (कौटिल्य) द्वारा लिखित उनकी जीवनी है। यह पुस्तक येदियुरप्पा के शुरुआती संघर्षों, उनके सांगठनिक कौशल और जमीन से जुड़कर भाजपा को कर्नाटक में स्थापित करने की यात्रा का वृत्तांत पेश करती है।

दूसरी पुस्तक 'सदन शिकारी - येदियुरप्पनवारा गुदुगिना नुदिगलु' कर्नाटक विधानमंडल में दिये गये उनके ऐतिहासिक भाषणों का संकलन है। इस संकलन के माध्यम से सदन के भीतर किसानों के मुद्दों और क्षेत्रीय विकास के लिए उनकी आक्रामक आवाज और प्रभावशाली शैली को प्रदर्शित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित