कोलकाता/नयी दिल्ली , फरवरी 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण के सवाल पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार को निशाने पर लिया है।
श्री मालवीय ने शुक्रवार को एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल की घटनाएं ममता बनर्जी सरकार की "हताशा" को उजागर करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एसआईआर प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदार अधिकारियों की निगरानी में संचालित हो रही है, तो फिर सरकार न्यायिक अधिकारियों को इस प्रक्रिया के तहत मामलों की जांच के लिए प्रशिक्षित किए जाने से असहज क्यों है।
श्री मालवीय आरोप लगाया कि राज्य सरकार की आपत्ति इस बात का संकेत है कि वह जांच प्रक्रिया को रोकने और कथित रूप से फर्जी व अवैध मतदाताओं को संरक्षण देने का प्रयास कर रही है। मालवीय ने कहा कि यही मतदाता ममता बनर्जी की लगातार चुनावी जीत का आधार रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित