पटना, मार्च 11 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को कहा कि अमर शहीद जुब्बा सहनी ने यह दिखाया था कि आजादी की लौ जलाने के लिए महलों की जरूरत नहीं है, सीने में सिर्फ जज्बा होना चाहिए।
श्री सरावगी ने आज अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 16 अगस्त 1942 को, अमर शहीद जुब्बा सहनी ने मीनापुर पुलिस स्टेशन में जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, उससे अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी। बाद में ब्रिटिश सरकार द्वारा नियुक्त एक विशेष अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई। उन्हें 38 वर्ष की आयु में भागलपुर केंद्रीय जेल में फांसी दे दी गई लेकिन देश के लिए उन्होंने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था।
श्री सरावगी ने कहा कि जुब्बा सहनी गरीबों के घर जन्मे, लेकिन उनके दिल में हिंदुस्तान था। अन्याय के सामने वे कभी नहीं झुके और आजादी के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार सबको साथ लेकर चल रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि राजग की सरकार ही उनके सपने को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अति पिछड़ों के लिए काफी काम किए हैं। सामाजिक न्याय के लिए उन्होंने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जातीय जनगणना की चर्चा करते हुए कहा कि श्री मोदी ने देश भर में जातीय जनगणना कराने का भी ऐतिहासिक फैसला लिया है जिसका सबसे अधिक लाभ पिछड़े और अति पिछड़ों को होगा। उन्होंने कहा कि आज श्री मोदी के मंत्रिमंडल में सर्वाधिक मंत्री पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के हैं। राजग सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है। शैक्षणिक संस्थाओं में भी पिछड़े और अति पिछड़े समाज के छात्रों को आरक्षण दिया गया है।
श्री सरावगी ने कहा कि आज बिहार और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा मछुआरा भाइयों की मेहनत का परिणाम है कि मछली पालन के क्षेत्र में बिहार आत्मनिर्भर हो रहा है। आज मछली उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि मल्लाह समाज हो या नोनिया और बेलदार समाज, सभी को राजग सरकार सम्मान देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित