अमरोहा , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर एक महिला को खंभे से बांधकर पीटने की घटना प्रकाश में आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छंगा दरवाजा में अफवाह के आधार पर एक महिला को रस्सी से खंभे से बांधकर सरेआम पीटा गया। इस दौरान महिला लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन भीड़ पर उसकी अपील का कोई असर नहीं पड़ा और वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी नहीं किया। कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है, जिसके आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने खुद को अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित