अमरोहा , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव तरारा पर रविवार देर शाम कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हसनपुर पंकज कुमार त्यागी ने सोमवार को बताया कि विधायक राजीव तरारा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मंडी धनौरा से अमरोहा जा रहे थे। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुरक्षा गार्ड द्वारा पूछताछ करने पर बाइक सवारों ने कथित रूप से पत्थरबाजी शुरू कर दी तथा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
सूत्रों के अनुसार विधायक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, मगर पुलिस के मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ। बाद में पहुंची पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। हमलावरों की संख्या दो से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर मड़ैया निवासी रोहित और नानौर माफी निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मंडी धनौरा थाने का कार्यभार संभाल रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी जुगल किशोर तथा सिपाही अंकुश मलिक को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनीराज जी ने विधायक से संपर्क कर घटना की जानकारी ली और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित