अमरोहा, दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पूर्व प्रधान के बेटे को बलात्कार के झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर जबरन सवा लाख रुपये वसूलने के आरोपी दो हिस्ट्रीशीटर व एक महिला समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि हापुड़ जिले के सिंभावली थाने में तैनात उपनिरीक्षक नितिन वर्मा और उसके साथी खालीद ने अपनी जान-पहचान के सम्भल जिले के थाना एचोडा कम्बोह क्षेत्र के गांव सलेमपुर सलार उर्फ़ हाजीपुर निवासी अनीस अहमद पूर्व प्रधान के बेटे नईम से झूठे बलात्कार मामले में फंसाने की धमकी देकर सवा लाख रुपये वसूल लिए थे।

इस संबंध में नईम ने पुलिस को सूचना दी कि बीती 11 दिसंबर को अनजान टेलीफोन नंबर से उसके पास एक कॉल आई थी। जिसमें काल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए अमरोहा - जोया मार्ग स्थित निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइंस के सामने प्लाट खरीदने के बहाने से मिलने के लिए बुलाया था। नईम अपने साथी अहसान समेत दोनों मौके पर पहुंच गए।

आरोप है कि उसके बाद उन्हें कार में बिठाकर गजरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मकान में ले जाया गया। जहां मौजूद कौशर नाम की महिला द्वारा नईम दुष्कर्म का आरोप लगाया तो वह हतप्रभ रह गया। आरोप है कि दुष्कर्म जैसे आरोप की कार्रवाई से बचने के लिए पांच लाख रुपये की मांग रखी गई। नईम ने फोन द्वारा पिता अनीस अहमद को सवा लाख रुपये लेकर गजरौला पहुंचने को कहा। आरोप है कि सवा लाख रुपये वसूलने के बाद नईम को चंगुल से मुक्त कर दिया गया।बाद में पीड़ित पक्ष द्वारा इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जाकर शिकायत की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा गजरौला पुलिस को मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए ।

मुकदमा दर्ज़ करने के बाद मामले के खुलासे के लिए अधिकारियों द्वारा पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस जांच में सिंभावली थाने में तैनात उपनिरीक्षक नितिन वर्मा, गजरौला (अमरोहा) शिवपुरी निवासी नवीन वर्मा,खालिद निवासी रझेड़ा, थाना सिंभावली जनपद हापुड़, प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) जवान लाखन निवासी थाना बहादुरगढ़ (हापुड़) क्षेत्र के गांव देहरा रायपुर, 30 वर्षीया कौशर पत्नी रियाजुल निवासी रझेड़ा, थाना सिंभावली जनपद हापुड़,तथा हिस्ट्रीशीटर दीपक निवासी खेमसिंह कालोनी, थाना गजरौला समेत छह लोगों के नाम सामने आए।

इसमें से पुलिस ने रविवार को खालिद, कौशर, दीपक, तथा लाखन समेत चार आरोपियों को फ्लाईओवर के समीप ज़ीरो बंदे से पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनके कब्जे से 20 हज़ार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल आदि बरामद किए गए हैं जबकि फरार चल रहे दारोगा नितिन वर्मा निवासी चंगेरी, थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद, हाल निवासी थाना सिंभावली जनपद हापुड़, नवीन वर्मा गजरौला अमरोहा की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित