अमरोहा , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पर्यटन विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए 337 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे जिले के प्राचीन धार्मिक स्थलों और बौद्ध विहारों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इन योजनाओं से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्वीकृत परियोजनाओं में नौगावा सादात क्षेत्र स्थित बाबा लालचंद मंदिर जकड़ी के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रुपये, मंडी धनौरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर धुने वाले बाबा स्थल के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 69 लाख रुपये तथा हसनपुर स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार के विकास के लिए 50 लाख रुपये शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त जोया विकासखंड के ग्राम डिडौली स्थित शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 63 लाख रुपये तथा हसनपुर स्थित चामुंडा देवी मंदिर में बहुउद्देशीय हाल, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के लिए 150 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को सौंपी गई है।

सूत्रों के अनुसार पर्यटन मंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं, ताकि अमरोहा धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सके। इन परियोजनाओं से जिले की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित