अमरोहा , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पहले चरण के तहत मकान गणना एवं मकान सूचीकरण के लिए 20 अप्रैल से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।

प्रशासनिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले को कुल 3680 गणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। सभी ब्लॉकों का मानचित्रण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों और उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिया कि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 20 अप्रैल से शुरू कर 6 मई तक हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए, ताकि प्रगणक जनगणना संबंधी आंकड़ों को पूरी समझ के साथ सही एवं बेहतर गुणवत्ता में एकत्रित कर सकें।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण स्थलों के चयन में पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ और हवादार कक्ष तथा उचित शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी चार्ज अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रशिक्षण स्थलों का चयन करने को कहा गया है, ताकि प्रशिक्षणार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निगरानी व्यवस्था के तहत जिले के सभी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ट्रेनिंग इंचार्ज तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को सहायक ट्रेनिंग इंचार्ज बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित