अमरोहा , दिसंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में अति सुरक्षित समझी जाने वाली कलेक्ट्रेट कालोनी में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिये। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कालोनी स्थित टाइप वन सरकारी आवास में रखी आलमारी से ताला तोड़कर बेख़ौफ़ बदमाश लाखों रुपये कीमत के गहने और जेवरात चोरी कर लिए। उक्त कालोनी में इस तरह की यह पहली घटना बताई गई है। प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक व्यास की अदालत में तैनात वरिष्ठ अर्दली रामचंद्र पाण्डेय परिवार सहित कलेक्ट्रेट कालोनी में टाइप वन आवास में बरसों से रहते हैं। शीतकालीन अवकाश के चलते जिला अदालत बंद है। रामचंद्र पाण्डेय पत्नी को लेकर अपने बच्चों से मिलने उत्तराखंड देहरादून गए हुए थे। बीती रात वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि आवास के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। तथा आलमारी में रखे सोने आदि के गहने गायब थे। जेवरात की अनुमानित कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित