श्रीगंगानगर , फरवरी 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ में ग्रामीण किसान मजदूर समिति (जीकेएस) ने अमरीका-भारत के बीच हाल ही में हुए व्यापार समझौते का तीखा विरोध करते हुए नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
समिति ने साफ चेतावनी दी कि यह समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम जनता के हितों के खिलाफ है। इसे लागू करने से देश की कृषि व्यवस्था चरमरा जाएगी और किसान-मजदूर समुदाय को भारी नुकसान होगा, जिससे व्यापक आंदोलन की स्थिति पैदा हो सकती है।
समिति ने मांग की है कि केंद्र सरकार तुरंत इस समझौते को वापस ले अन्यथा आंदोलन की जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी। समिति के नेताओं ने कहा कि अमरीकी कृषि उत्पादों की बाढ़ आने से भारतीय किसानों की फसलें बेची नहीं जा पाएंगी और उनकी आय पर सीधा असर पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित