जयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि डूंगरपुर जिले में चौरासी विधानसभा क्षेत्र में अमरपुरा बांध में अधिशेष जल उपलब्धता, निर्मित नहरों की जल परिवहन क्षमता एवं उपादेयता के अनुसार गुणावगुण के आधार पर अतिरिक्त कमांड क्षेत्र के विकास के संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा।
श्री रावत प्रश्नकाल में विधायक अनिल कुमार कटारा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सोलर आधारित लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए उचित स्थान का चयन कर जल उपलब्धता अनुकूल पाए जाने पर विभाग द्वारा प्रस्ताव स्वीकृति के लिए जनजाति विकास विभाग को भेजा जाएगा।
इससे पहले श्री कटारा के मूल प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र चौरासी में वर्तमान में विभाग द्वारा कोई भी लिफ्ट परियोजना संचालित नहीं की जा रही है। भेका नाका बांध और वारंदा बांध में जल उपलब्धता संतोषजनक होने के कारण अमरपुरा बांध से लिफ्ट द्वारा बांधों में पानी पहुंचाया जाना विचाराधीन एवं प्रस्तावित नहीं है। हेटकी (डेटकी) बांध एवं पीठ भंडारी बांध स्थानीय तालाब होने के कारण इनमें पृथक से जल भरने हेतु लिफ्ट योजना विचाराधीन नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित