कपूरथला , दिसंबर 26 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा का विस्तार पंजाब सरकार का मुख्य एजेंडा है, जिसके तहत कौशल विकास को बढ़ावा देकर बच्चों को रोज़गार योग्य बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्री अरोड़ा ने आज यहां निज़ामपुर गांव के पास शहीद ऊधम सिंह की जयंती के अवसर पर "ऊधम सिंह शहीद कौशल विकास और उद्यमिता विश्वविद्यालय कपूरथला" के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा , शहीद ऊधम सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि देश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। यह पंजाब के लिए गर्व की बात है कि कंबोज समुदाय द्वारा शहीद उधम सिंह के नाम पर एक विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी शुरू की जा रही है, जो बच्चों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगी।"उन्होंने कहा कि यह स्किल यूनिवर्सिटी 31 जुलाई 2026 से अपने कोर्स शुरू करेगी, जो न केवल दोआबा बल्कि पूरे पंजाब के लिए स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए स्वरोजगार स्थापित करने में एक मार्गदर्शक साबित होगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट छात्रों के विदेश जाने की बड़ी संख्या को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसके लिए पंजाब सरकार इस यूनिवर्सिटी को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के प्रयासों से राज्य में शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल बनाया गया है, जिसके लिए पंजाब सरकार ने बिना किसी सिफारिश के 60 हजार कर्मचारियों की भर्ती की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित