भोपाल , जनवरी 12 -- डॉ. मोहन यादव के मूलमंत्र भय नहीं, भ्रम नहीं, पूरा विश्वास, विरासत के साथ विकास की भावना पर आधारित अभ्युदय मध्यप्रदेश क्विज के 24 विजेताओं का सम्मान मंगलवार 13 जनवरी 2026 को सायं 4 बजे मुख्यमंत्री के निवास पर आयोजित समारोह में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं विजेता अभ्यर्थियों को सम्मानित करेंगे तथा उनके साथ चाय पर चर्चा भी करेंगे।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है, जब माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विरासत के संरक्षण के साथ विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। सेवा भाव, सुशासन और दायित्वबोध के साथ प्रदेश ने विकास के दो सफल वर्ष पूर्ण किए हैं। परंपरा, धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों के सम्मान के साथ संस्कृति को केंद्र में रखकर प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अभ्युदय मध्यप्रदेश क्विज इसी दृष्टि का सशक्त माध्यम बना है, जिसने युवाओं को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और विकास यात्रा से जोड़ा। इस आयोजन ने ज्ञान, उत्तरदायित्व और सहभागिता को बढ़ावा दिया, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के विभिन्न आयुवर्ग, समुदायों और दूरस्थ अंचलों से लाखों लोगों ने इसमें भागीदारी की।
श्री तिवारी ने बताया कि अब उन युवाओं, छात्र-छात्राओं, बेटियों और बेटों को सम्मानित करने का अवसर आया है, जिन्होंने अपने ज्ञान से मध्यप्रदेश के विकास को पहचाना। इसी कड़ी में 13 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित समारोह में विजेताओं को लैपटॉप, ई-बाइक, ई-स्कूटी तथा 24 विक्रमादित्य वैदिक घड़ियां पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित