नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दिल्ली में चल रहे इंडिया ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों द्वारा जताई गई चिंताओं की खबरों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में खेल ढांचे और संचालन की स्थिति की शुक्रवार को आलोचना की।
इस स्थिति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंघवी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारतीय खेल में महत्वाकांक्षा और अमल के बीच के अंतर को रेखांकित किया। उन्होंने लिखा, "अगर हम दुनिया की मेजबानी करना चाहते हैं, तो हमें उसके सामने स्वयं को शर्मिंदा करना बंद करना होगा। विश्व स्तरीय खेल के लिए विश्व स्तरीय संचालन प्रणाली की जरूरत है, जुगाड़ की नहीं," उन्होंने तदर्थ व्यवस्थाओं के बजाय "प्रणालीगत सुधारों" का आह्वान किया।
इस बीच, चतुर्वेदी ने इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स परिसर में टूर्नामेंट के दौरान विशेष रूप से खेल रोके जाने की घटना की रिपोर्ट को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि पक्षियों की बीट की वजह से मैच रुक रहे हैं, दर्शक दीर्घा में बंदर देखे गए हैं और खिलाड़ियों में हवा की गुणवत्ता और ढांचे को लेकर चिंता है।
ये चिंताएं डेनिश शटलर मिया ब्लिचफेल्ट की शिकायतों के बाद सामने आई हैं। उन्होंने अभ्यास और ट्रेनिंग एरिया को 'बहुत गंदा और वास्तव में हानिकारक' बताया था और एंडर्स एंटोनसन के टूर्नामेंट से हटने का कारण गंभीर वायु प्रदूषण बताया था। एंटोनसन ने यह भी बताया कि बीडब्ल्यूएफ ने उन पर पांच हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है।
इंडिया ओपन 2026 में स्थितियों को लेकर खिलाड़ियों की चिंताओं पर ध्यान देते हुए बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) ने एक बयान जारी कर इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स परिसर में महत्वपूर्ण सुधारों पर बल देते हुए कहा कि वह मुद्दों के समाधान के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित