सिलीगुड़ी , अप्रैल 01 -- अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि श्री मोदी पिछले पांच वर्षों में कूच बिहार के लोगों को दी गई वित्तीय सहायता का विस्तृत विवरण देते हुए एक श्वेत पत्र जारी करें।

बुधवार को कूच बिहार के शीतलकुची में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री बनर्जी ने प्रधानमंत्री को सीधी चुनौती दी, जिनका पांच अप्रैल को जिले का दौरा निर्धारित है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि श्री मोदी पिछले पांच वर्षों में कूच बिहार के लोगों को दी गई वित्तीय सहायता का विस्तृत विवरण देते हुए एक श्वेत पत्र जारी करें।

उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देता हूं कि वे दिखाएं कि '100 दिन के कार्य' जैसी केंद्रीय योजनाओं के अंतर्गत यहां के लोगों के बैंक खातों में 10 पैसे भी पहुंचे हैं क्या। केंद्र सरकार तो सिर्फ श्रेय लेती है लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ही लगातार काम कर रही है।"श्री बनर्जी ने अपने भाषण की शुरुआत में शीतलकुची में 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान केंद्रीय बलों की कथित गोलीबारी में चार लोगों की मौत का जिक्र करते हुए मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी को नकारने की अपील की। उन्होंने कहा, "सीतलकुची विरोध, प्रतिरोध एवं दृढ़ संकल्प की भूमि है। इस बार तृणमूल को कूच बिहार की सभी नौ सीटें जीतनी होंगी।"उन्होंने केंद्र सरकार पर सीमावर्ती लोगों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए एक स्थानीय किसान का उदाहरण दिया जिसे कथित रूप से बंगलादेश में 27 दिनों तक हिरासत में रखा गया था। श्री बनर्जी ने पूछा, "भाजपा सांसदों या विधायकों ने उसे क्या सहायता प्रदान की?" उन्होंने आगे कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसान अपनी ज़मीन पर काम करते समय असुरक्षा का सामना करते हैं।

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं के नाम हटाए जाने से जनता का असंतोष और भी बढ़ गया है। उन्होंने भाजपा के चुनाव चिन्ह की बात करते हुए कहा, "लोग अपने वोटों द्वारा जवाब देंगे। चार मई को जब मतपेटियां खोली जाएंगी तो उनमें कमल का कोई निशान नहीं होगा।"सुश्री बनर्जी ने चुनाव को सिर्फ सत्ता की लड़ाई से कहीं अधिक बताते हुए कहा कि यह "बाहरी लोगों" को जवाब देने का भी एक अवसर है। उन्होंने कहा, "लोगों को बेवजह लंबी कतारों में खड़ा किया गया है। अब एक बार फिर मतदान की कतार में खड़े होकर उन्हें मुंहतोड़ जवाब दें।" उन्होंने रैली में शीतलकुची के उम्मीदवार हरिहर दास का परिचय कराते हुए कहा कि उन्हें सभी वर्गों का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

श्री बनर्जी ने यह भी दावा किया कि पार्टी उम्मीदवार दास को पार्टी लाइन से परे भी समर्थन प्राप्त है, उन्होंने भाजपा टिकट पर निर्वाचित राज्यसभा सदस्य अनंत महाराज का जिक्र किया। श्री बनर्जी ने राजगंज में एक और रैली को संबोधित करते हुए आशा व्यक्त करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस पूरे उत्तर बंगाल में निर्णायक जीत दर्ज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित