नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि बजट सत्र के पहले दिन बुधवार को जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रही थीं तो विपक्षी सदस्यों ने उस दौरान जो व्यवहार किया वह शर्मसार करता है और देश कांग्रेस तथा उसके सहयोगी अन्य विपक्षी दलों को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगा।

श्री रिजिजू ने संसद भवन परिसर में अपने चेम्बर में पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस तथा उसके सहयोगी विपक्षी दलों ने वंदे मातरम की 150वीं सालगिरह का अभिभाषण में जिक्र करने तथा इस गीत के रचनाकार बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि देने की बात की जा रही थी तो विपक्ष के सदस्य तब हंगामा कर रहे थे। इसी तरह से अभिभाषण में गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस का जिक्र आया और देश के लोगों को राष्ट्रपति ने अभिभाषण ने गुरु तेगबहादुर के महान त्याग का जिक्र किया तो विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया।

उन्होंने कहा कि इसी तरह से जब बाब भीम राव अम्बेडकर की 150वीं जयंती, बंकिम चंद्र चटर्जी, सरदार पटेल की 150वीं जयंती, भारत रत्न भूपेंद्र हजारिका के शताब्दी समारोह का उल्लेख आया, बिरसा मुंडा की बात आई तो विपक्षी सदस्यों ने इस पर हंगामा खड़ा कर दिया जो अत्यंत खेदजनक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित