लखनऊ , फरवरी 08 -- योनेक्स-सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी अभिन्न श्याम गुप्ता तथा यूपी पुलिस के अखिलेश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो खिताब अपने नाम किए।

प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, गोमती नगर में किया गया।

पुरुष एकल 45 वर्ष से अधिक वर्ग में अभिन्न श्याम गुप्ता ने सी. जॉन वेस्ले को 21-11, 21-5 से हराकर खिताब जीता। इसके अलावा पुरुष युगल 45 वर्ष से अधिक में अभिन्न श्याम गुप्ता व सी. जॉन वेस्ले की जोड़ी ने जितेंद्र सिंह व रविंद्र सिंह को 21-16, 21-19 से पराजित कर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक में अखिलेश यादव व भावना बलियान ने सी. जॉन वेस्ले व प्रियंका पांडेय को 21-11, 21-14 से मात दी। वहीं पुरुष युगल 35 वर्ष से अधिक में अखिलेश यादव व शम्स तबरेज की जोड़ी ने रवि प्रताप आनंद व यशार्थ ओझा को 21-11, 21-12 से हराकर विजेता ट्रॉफी जीती।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. नवनीत सहगल ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता के अन्य आयु वर्गों में भी प्रदेश के विभिन्न खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित