भोपाल , अप्रैल 9 -- संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की गुडविल एंबेसडर एवं अभिनेत्री कृति सेनन ने मध्यप्रदेश पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग मॉडल की सराहना करते हुए इसे जनसहभागिता आधारित प्रभावी पहल बताया।
भोपाल के महिला थाने में आयोजित कार्यक्रम में कृति सेनन ने सहभागिता करते हुए महिलाओं, बच्चों एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, सर्वाइवर्स और विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वाइवर्स के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से प्रभावित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। कृति सेनन ने उनसे संवाद कर सहानुभूति व्यक्त की और उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर बीएसएस कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशा, बाल विवाह और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं 'सृजन कार्यक्रम' के तहत बच्चों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया, जिसकी अभिनेत्री ने सराहना करते हुए आत्मरक्षा के कुछ गुर भी सीखे।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने थाना परिसर और सामुदायिक पुलिसिंग की विभिन्न पहलों का अवलोकन किया तथा 'शक्ति कैफे' का भ्रमण कर वहां संचालित गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की यह पहल समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित