मुंबई , फरवरी 11 -- मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह को अज्ञात व्यक्तियों की ओर से व्हाट्सएप के जरिए धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को कहा कि मुंबई अपराध शाखा और साइबर सेल 'वॉयस नोट' के स्रोत की जांच कर रहे हैं और भेजने वाले की पहचान करने के लिए 'डिजिटल फुटप्रिंट' की जांच कर रहे हैं।
धमकी में कथित तौर पर करोड़ों रुपये रकम की मांग की गयी है तथा इसके लॉरेंश बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का संदेह है। यह मामला फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर इसी तरह की धमकी और गोलीबारी की घटना के बाद आया है जिसमें पांच गिरफ्तारियां हुई थीं।
रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के मध्य मुंबई के प्रभादेवी स्थित हाउसिंग सोसाइटी वाले घर में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है और छह सशस्त्र गार्ड तैनात कर दिये गए हैं। सूत्रों ने बताया कि 'ब्यू मोंडे' आवासीय टावर की प्रबंध समिति ने श्री सिंह के फ्लैट में सोसाइटी की अनुमति के बिना निजी सशस्त्र सुरक्षा गार्डों की तैनाती के संबंध में दादर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से, बॉलीवुड की करीब एक दर्जन हस्तियों को बिश्नोई गिरोह का सदस्य होने का दावा करने वाले व्यक्तियों से कथित तौर पर धमकी भरे फोन आए हैं। अब तक कोई शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है। बताया जा रहा है कि अधिकांश मशहूर हस्तियों ने अज्ञात नंबरों को ब्लॉक कर दिया है या अपरिचित कॉल का जवाब देना बंद कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित