चेन्नई , अप्रैल 28 -- अभिनेता से राजनेता बने और टीवीके संस्थापक विजय ने मंगलवार को तमिलनाडु के दक्षिणी तटीय जिले थूथुकुडी में भगवान मुरुगा के छह निवासों में से एक प्रसिद्ध तिरुचेंदूर सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में दर्शन किये।

बीती रात विजय मदुरई पहुंचे थे, वहां से सड़क मार्ग से मंदिर नगरी तिरुचेंदूर पहुंचे और तड़के 'विश्वरूप दर्शन' में हिस्सा लिया। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने उनका पारंपरिक 'पूर्ण कुंभ' स्वागत किया।

बाद में रेशमी धोती और अंगवस्त्रम पहने विजय ने विश्वरूप दर्शन में भाग लिया। मंदिर अधिकारियों ने उन्हें एक 'वेल' (भाला) और शॉल भेंट की। तड़के दर्शन के बाद अभिनेता-राजनेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी तादाद में उनके प्रशंसक मंदिर में जमा हो गये।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि श्री विजय की पार्टी ने पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा है और 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में 234 में से 233 सीटों पर चुनाव लड़ा है । मतगणना गिनती चार मई को होने वाली है, इसलिए उन्होंने चुनाव में अपनी पार्टी की सफलता की कामना की।

पहली चुनावी पारी में, विजय ने दो सीटों चेन्नई शहर की पेराम्बूर और त्रिची पूर्व से चुनाव लड़ा है। वह और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी बेसब्री से चुनाव नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित