लखनऊ , दिसंबर 14 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष एवं प्रांत मंत्री पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया रविवार को कैसरबाग स्थित अभाविप अवध प्रांत कार्यालय में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। निर्वाचन के पश्चात प्रो. (डॉ.) नीतू सिंह को पुनः प्रांत अध्यक्ष तथा अर्पण कुशवाहा को प्रांत मंत्री के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के चुनाव अधिकारी प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी 17, 18 एवं 19 दिसंबर को बहराइच में आयोजित होने वाले अभाविप अवध प्रांत के 65वें प्रांत अधिवेशन में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि अभाविप अवध प्रांत के इतिहास में यह पहली बार है जब प्रांत मंत्री राष्ट्रीय महत्व के संस्थान राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से संबंधित हैं।
प्रो. (डॉ.) नीतू सिंह वर्तमान में विद्यांत हिन्दू पी.जी. कॉलेज के मानवविज्ञान (एंथ्रोपोलॉजी) विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने एम.ए. एवं पीएच.डी. की शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप के अंतर्गत उन्होंने ओडिशा में शोध कार्य किया है।
शोध एवं अकादमिक गतिविधियों के अंतर्गत उन्होंने लंदन, चीन, श्रीलंका, वियतनाम, थाईलैंड और रूस सहित कई देशों में शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं। उनके शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। वर्तमान में वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी की एकेडमिक काउंसिल की सदस्य हैं तथा उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की संस्कृति नीति संबंधी प्रारूप समिति की सदस्य भी हैं।
डॉ. नीतू सिंह का अभाविप से संपर्क वर्ष 1995 से है। वे पूर्व में महानगर अध्यक्ष, विभाग प्रमुख एवं प्रांत उपाध्यक्ष जैसे दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुकी हैं। वर्तमान में वे अवध प्रांत की पुनर्निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष हैं और उनका निवास लखनऊ में है।
वहीं अर्पण कुशवाहा का अभाविप से संपर्क वर्ष 2022 से है। वर्तमान में वे डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में बी.ए. एलएल.बी. पाठ्यक्रम के छात्र हैं। संगठनात्मक कार्यों के अंतर्गत उन्होंने विश्वविद्यालय इकाई मंत्री, थिंक इंडिया के परिसर संयोजक एवं महानगर संयोजक के रूप में कार्य किया है। इसके साथ ही वे उन्नत भारत अभियान के विश्वविद्यालय समन्वयक भी रह चुके हैं।
वर्तमान में अर्पण कुशवाहा थिंक इंडिया के प्रांत संयोजक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्हें सत्र 2025-26 के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अवध प्रांत का प्रांत मंत्री निर्वाचित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित