नारायणपुर , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के संयुक्त प्रयास से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने और आगामी अबूझमाड़ मैराथन के प्रचार के लिए एक भव्य 'अबूझमाड़ पीस बाइक रैली' का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करना, यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना और अबूझमाड़ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता तथा सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना था। रैली 'माड़ महोत्सव' के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका लक्ष्य क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देना भी है।

बाइक रैली का शुभारंभ सुबह बालक हाई स्कूल मैदान से हुआ। रैली ने जयस्तंभ चौक, बाजार स्थल, बखरू पारा, सोनपुर चौक, ब्रह्बेड़ा, कुरुषनार, बासिंग, कुंदला, कोहकामेटा और ईरकभट्टी होते हुए कच्चापाल तक का सफर तय किया, जिसके बाद वापसी यात्रा पर समापन हुआ।

इस आयोजन में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, पत्रकार, पर्यटक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने इस मौके पर कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, गति सीमा का पालन करने, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को 'हेलमेट जीवन का वरदान है' का संदेश दिया गया और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। रैली में शामिल होने वाले पहले 400 से अधिक अतिथियों और पर्यटकों को पुलिस विभाग की ओर से निःशुल्क बाइक सुविधा भी प्रदान की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित