दुर्ग , मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा-झिंझरी सीमा क्षेत्र में मक्के की फसल की आड़ में अफीम की खेती मिलने के मामले में अब सियासत गरमा गई है। मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसान मोर्चा से जुड़े पदाधिकारी विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है।
भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय से शनिवार को जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि किसान मोर्चा पदाधिकारी ताम्रकर के आचरण और कृत्य से पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा और झिंझरी गांव की सीमा पर स्थित खेत में छापेमारी कर करीब डेढ़ से दो एकड़ क्षेत्र में अफीम के पौधे बरामद किए थे। खेत में मक्के की फसल के बीच अफीम उगाई गई थी ताकि किसी को शक न हो। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद अफीम की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
मामले में भूमि स्वामियों और संबंधित लोगों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है, जबकि राजस्व विभाग और विशेषज्ञों की टीम भी पूरे मामले की जांच कर रही है।
इधर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आज समोदा गांव पहुंचने की संभावना है, जहां वे ग्रामीणों से मुलाकात कर मामले की जानकारी लेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि करोड़ों रुपये की अफीम खेती के खुलासे और उसके बाद भाजपा के अंदर हुई कार्रवाई के कारण यह मामला अब कानून व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक बहस का विषय भी बन गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित