कोंडागांव , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहे अफीम की खेती के मामलों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को कोंडागांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का घेराव किया और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधकिारी (एसडीएम) के माध्यम से सौंपा। पार्टी का आरोप है कि वर्तमान छत्तीसगढ़ सरकार में नशे का कारोबार खुलेआम हो रहा है और भाजपा नेता स्वयं इसमें शामिल हैं।
हाल ही में दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे को भुनाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से रैली के रूप में भाजपा कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने पहले से ही कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। कार्यकर्ताओं ने 'भाजपा सरकार नशे की सरकार' जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद एसडीएम कोंडागांव को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में पिछले दो सालों से घटिया शराब का कारोबार चल रहा था, और अब सूखे नशे (ड्रग्स) का धंधा फल-फूल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित